पांवटा में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
पांवटा साहिब में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तेंदुए की खाल व अन्य अवशेष बरामद। दो आरोपी गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की जांच जारी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्य जीव तस्करी से जुड़े एक मामले का पर्दाफाश किया है। विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर माजरा क्षेत्र के गांव घुतनपुर में एक रिहायशी मकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम ने घर से बड़ी मात्रा में जंगली जानवरों के अवशेष बरामद किए। इनमें एक तेंदुए की खाल, उसके नाखून, मूंछें, मांस के टुकड़े और पंजा शामिल हैं। इसके अलावा घोरल के तीन जोड़े सींग और ककड़ (बार्किंग डियर) के दो जोड़े सींग भी बरामद हुए। मौके से तेजधार हथियार भी जब्त किए गए।
इस मामले में वन विभाग ने चाचा-भतीजा, अख्तर अली और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 18 अप्रैल तक रिमांड पर भेज दिया गया है। अब विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि आरोपी कब से इस अवैध गतिविधि में शामिल थे और क्या इनके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कुछ ग्रामीणों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि छापेमारी दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीवों के शिकार या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0