HRTC बस में 5.6 किलो चरस सहित पालमपुर का तस्कर गिरफ्तार

शिमला में HRTC बस से 5.652 किलो चरस बरामद, पालमपुर निवासी युवक गिरफ्तार। पुलिस ने NDPS एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Apr 25, 2026 - 11:30
Apr 25, 2026 - 11:35
 0  54
HRTC बस में 5.6 किलो चरस सहित पालमपुर का तस्कर गिरफ्तार

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला  
विशेष सैल शिमला की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने एचआरटीसी बस में सवार एक युवक को भारी मात्रा में चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद की है।

जानकारी के अनुसार विशेष सैल शिमला की टीम थाना कुमारसैन क्षेत्र के सैंज चौक पर गश्त और नशा तस्करी की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर (कांगड़ा) का रहने वाला पंकज कुमार (30) कुल्लू से बागा सराहन रूट पर जा रही एचआरटीसी बस (एचपी 66ए-5181) में सीट नंबर 10 पर सवार होकर चरस की बड़ी खेप सप्लाई करने ले जा रहा है।

सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए एनएच-305 लुहरी सड़क पर सैंज चौक के पास उक्त बस को रोक लिया। पुलिस ने नियमानुसार बस परिचालक अक्षय कुमार और एक अन्य व्यक्ति कृपाल सिंह को गवाह बनाया। गवाहों की उपस्थिति में जब आरोपी पंकज कुमार (निवासी गांव अपरढाह, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा) के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी ने यह चरस कहां से खरीदी थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस कड़ी के अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस पूछताछ कर रही है। 

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0