बंगाणा में खैर तस्कर गिरफ्तार, कटर मशीन बरामद

ऊना के बंगाणा फॉरेस्ट रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, खैर तस्कर रंगे हाथों गिरफ्तार। मौके से कटर मशीन और 22 मौछे बरामद।

Apr 1, 2026 - 20:12
 0  18
बंगाणा में खैर तस्कर गिरफ्तार, कटर मशीन बरामद

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बंगाणा 
जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत बंगाणा फोरैस्ट रेंज में वन विभाग की टीम ने अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर (वनकाटू) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी में टीम ने मौके से एक कटर मशीन, 22 खैर के मौछे और 9 ताजे कटे हुए ठूंठ बरामद किए हैं। 
जानकारी के अनुसार,बंगाणा रेंज के रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई चल रही है। सूचना मिलते ही रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने तत्परता दिखाई और फोरैस्ट गार्ड प्रवीण कुमार, अंकुश तथा हासिफ भट्टी की एक विशेष टीम बनाकर मौके पर दबिश दी। जब टीम जंगल में पहुंची, तो वहां एक व्यक्ति कटर मशीन से खैर के पेड़ काटने में जुटा हुआ था। टीम ने बिना कोई मौका दिए उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर 9 ताजे ठूंठ मिले ।
कार्रवाई के तुरंत बाद रेंज ऑफिसर ने बंगाणा पुलिस को घटनास्थल पर बुला लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और वन विभाग की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

क्या बोले डीएफओ
डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि विभाग की टीमें दिन-रात अलर्ट पर हैं और जंगलों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। माफिया को चकमा देने और रंगे हाथों पकड़ने के लिए वन विभाग के कर्मचारी अब सिविल ड्रेस (सादे कपड़ों) में भी संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0