आईटीआई घुमारवीं में 9 को जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेला, युवाओं को मौका

आईटीआई घुमारवीं में 9 फरवरी को जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेला लगेगा। आईटीआई पास युवाओं को कंपनियों में प्रशिक्षण व 9600 रुपये मानदेय मिलेगा।

Feb 8, 2026 - 16:54
 0  9
आईटीआई घुमारवीं में 9 को  जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेला, युवाओं को मौका

घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान घुमारवीं में 09 फरवरी को जिला स्तरीय प्रधानमंत्री राष्ट्रीय प्रशिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में जिले के आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

आईटीआई घुमारवीं के प्रधानाचार्य जनक सिंह ने बताया कि मेले का आयोजन युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मेले में भाग लेने वाली कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले में चयनित प्रशिक्षुओं को संबंधित कंपनियों की ओर से लगभग 9,600 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण युवाओं को उद्योगों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा, जिससे भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

 मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ अद्यतन बायोडाटा, आईटीआई उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अप्रेंटिसशिप पोर्टल के माध्यम से भी पंजीकरण कर सकते हैं।

 प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले में छह या उससे अधिक कर्मचारियों वाले औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी भाग ले सकते हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों को पंजीकरण के लिए पैन नंबर,संस्थान पंजीकरण संख्या,बैंक खाता विवरण व आईएफएससी कोड, जीएसटी व टीआईएन नंबर साथ लाने होंगे। प्रतिष्ठानों को उसी दिन संस्थान परिसर में अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा भी दी जाएगी। संस्थान प्रबंधन ने जिले के सभी आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर मेले में पहुंचकर भाग लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0