पांवटा में स्मार्ट मीटर कर्मी की दर्दनाक मौत
पांवटा साहिब के रामपुर घाट में स्मार्ट मीटर लगाते समय युवक की खंभे से गिरकर मौत। पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों पर सस्पेंस बरकरार।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के रामपुर घाट क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहे एक युवक की खंभे से गिरकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान 37 वर्षीय दीपक पुत्र अमरनाथ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला था। दीपक एक निजी कंपनी के अधीन कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खंभे (पोल) से बिजली का कनैक्शन देते समय वह अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गहरी और गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।
हादसे की असली वजह का जांच के बाद होगा खुलासा
हादसे की असली वजह को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। बिजली विभाग के एसडीओ गुरुदत्त चौहान ने कहा कि प्राथमिक तौर पर युवक की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। लेकिन वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आएगी कि युवक खंभे से अचानक पैर फिसलने के कारण गिरा या फिर पोल पर करंट लगने की वजह से वह नीचे आ गिरा।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के डॉक्टर अतुल ने युवक को मृत लाए जाने की आधिकारिक पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0