रिव्यू मीटिंग से नदारद 40 समन्वयकों पर गिरेगी गाज! ,कांग्रेस के ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ में लापरवाही पड़ी भारी
कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम की शिमला रिव्यू मीटिंग से 40 समन्वयक नदारद। पार्टी नेतृत्व सख्त, कार्रवाई के संकेत।
शिमला। कांग्रेस के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की रिव्यू मीटिंग से नदारद रहे जिला और ब्लॉक समन्वयकों पर अब कार्रवाई तय मानी जा रही है। शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई अहम बैठक में करीब 40 डिस्ट्रिक्ट और ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहे, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में 36 ब्लॉक और 5–6 जिला समन्वयकों ने न तो शिरकत की और न ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस पर प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कड़ा संज्ञान लेते हुए तीखी नाराजगी जताई।
“पहली ही परीक्षा में फेल” नेतृत्व का सख्त संदेश
सूत्र बताते हैं कि सह प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कई समन्वयकों को भविष्य में अहम जिम्मेदारियां दी जानी थीं, लेकिन बैठक को हल्के में लेना उनकी पहली ही परीक्षा में विफलता को दर्शाता है। कुछ समन्वयक पार्टी द्वारा सौंपे गए तय कार्यक्रमों तक भी नहीं पहुंचे।
काम के प्रति गंभीर नहीं, तो आगे मौका नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दो टूक कहा है कि जो लोग संगठनात्मक जिम्मेदारियों को गंभीरता से नहीं लेते, उन्हें आगे किसी भी स्तर पर मौका नहीं दिया जाएगा। पार्टी अब समन्वयकों के प्रदर्शन की समीक्षा कर रही है और जल्द ही कार्रवाई हो सकती है।
जिला अध्यक्षों की सिफारिशें भी नजरअंदाज!
यह भी सामने आया है कि कई जिलों में जिला अध्यक्षों द्वारा सुझाए गए नामों को तवज्जो नहीं दी गई, जिससे संगठनात्मक समन्वय कमजोर पड़ा।
क्या है ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’?
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलावों के विरोध में देशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ शुरू किया है। हिमाचल में इस अभियान की निगरानी के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर समन्वयक तैनात किए गए थे। इसी कड़ी में शिमला में हुई रिव्यू मीटिंग में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अब देखना होगा कि लापरवाही बरतने वाले समन्वयकों पर पार्टी कब और क्या कार्रवाई करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0