कुल्लू। जिला कुल्लू में बीते मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। बर्फबारी के चलते जिले की ग्रामीण क्षेत्रों की 77 सड़कें अभी तक बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत आनी क्षेत्र के लोगों को हो रही है, क्योंकि एनएच-305 के बंद होने से जिला मुख्यालय कुल्लू तक पहुंचना आसान नहीं रहा। जलोड़ी जोत में भारी हिमपात के कारण सड़क बहाली के कार्य में लगातार देरी हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, बंजार डिवीजन में नगलाड़ी-शर्ची, सैंज-मनहम-देहुरी, जिभी-बाहू-गाड़ागुशैणी, शौंडाधार सहित कई प्रमुख सड़कें बंद हैं, जिन पर मशीनरी लगाकर बहाली का कार्य किया जा रहा है। पर्यटन नगरी मनाली में बर्फबारी से 33 सड़कें अवरुद्ध हुई थीं, जिनमें से 13 को बहाल कर दिया गया है, जबकि 20 सड़कों पर काम जारी है। सोलंग, कोठी, हलाण, छियाल, पुलग और नेरी जैसे गांवों के संपर्क मार्ग अभी बंद हैं।
कुल्लू डिवीजन में 18 में से 7 सड़कें बहाल की जा चुकी हैं, जबकि निरमंड डिवीजन में हालात सबसे खराब हैं। यहां 37 सड़कें बंद हैं, जिससे ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। बीते मंगलवार को जिले में कुल 98 सड़कें बंद हुई थीं, जिनमें से अब तक 21 बहाल की जा सकी हैं।
हालांकि एनएच-003 को बहाल कर दिया गया है, लेकिन एनएच-305 औट-लुहरी मार्ग अभी भी बंद है। यदि जल्द बहाली नहीं हुई, तो लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं। विभाग का कहना है कि मौसम साफ होते ही बहाली कार्य में तेजी लाई जाएगी।