नॉर्थ ज़ोन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन, एचपीयू शिमला बना चैंपियन

कांगड़ा में नॉर्थ ज़ोन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन। एचपीयू शिमला ने पीयू चंडीगढ़ को 42–38 से हराकर खिताब जीता।

Feb 2, 2026 - 18:33
 0  9
नॉर्थ ज़ोन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन, एचपीयू शिमला बना चैंपियन


सुमन महाशा। कांगड़ा

डीएवी कॉलेज कांगड़ा के खेल मैदान में आयोजित नॉर्थ ज़ोन पुरुष बास्केटबॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन रोमांचक मुकाबलों और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नॉर्थ ज़ोन के 85 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिससे आयोजन का स्तर बेहद ऊंचा और प्रतिस्पर्धात्मक रहा।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अजय वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर डीएवी कॉलेज कांगड़ा के प्रिंसिपल डॉ. बलजीत सिंह पटियाल, प्रतियोगिता के ऑब्जर्वर प्रो. राकेश वर्मा तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डायरेक्टर फिजिकल एजुकेशन प्रो. संजय शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि अजय वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने डीएवी कॉलेज कांगड़ा के प्रिंसिपल डॉ. बलजीत सिंह पटियाल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल प्रबंधन में इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता का सफल आयोजन एक सराहनीय उपलब्धि है।

चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के बीच खेला गया। मुकाबला अंतिम क्षणों तक बेहद रोमांचक रहा, जिसमें एचपीयू शिमला ने पंजाब यूनिवर्सिटी को 42–38 के करीबी अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

तीसरे स्थान के मुकाबले में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर को 78–35 से पराजित किया। समापन समारोह में विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0