कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हो रही अवैध लकड़ी-औषधीय जड़ी बूटियों की तस्करी

बिलासपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई। फोरलेन पर अवैध लकड़ी व औषधीय जड़ी-बूटियों से लदे 12 वाहन पकड़े, सभी गाड़ियां सीज।

Feb 2, 2026 - 16:47
Feb 2, 2026 - 16:47
 0  54
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हो रही अवैध लकड़ी-औषधीय जड़ी बूटियों की तस्करी

बिलासपुर । कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर अवैध लकड़ी और औषधीय जड़ी-बूटियों की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बिना परमिट और दस्तावेजों के दौड़ रही गाडिय़ों से जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं तस्करों के हौसले भी बुलंद हैं। इसी कड़ी में वन विभाग बिलासपुर की टीम ने आरओ नरेंद्र दयाल की अगवाई में मंडी भराड़ी में 12 गाडिय़ां पकड़ी हैं। इन वाहनों में टेंपो, पिकअप और ट्रक शामिल हैं, जिन्हें विभाग के कार्यालय पहुंचाया गया है। पकड़ी गई गाडिय़ों में से पांच में कशमल की जड़ें, एक में पाइन कोन, दो में फर्न और चार गाडिय़ों में अवैध बालन (ईंधन की लकड़ी) लदी पाई गई।

 प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कशमल और पाइन कोन की खेप मंडी-सुंदरनगर से हरिद्वार ले जाई जा रही थी, जबकि अवैध बालन की आपूर्ति बिलासपुर से पंजाब की ओर की जा रही थी। वन विभाग के अनुसार, इन गाडिय़ों के पास परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट नहीं मिला। विभाग ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि विभाग लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और हाल ही में स्वारघाट में भी अवैध लकड़ी से लदी 10 गाडिय़ां पकड़ी गई थीं।

सभी वाहन सीज
उधर, अतिरिक्त वन मंडल अधिकारी बिलासपुर एवं डीएफओ कुनिहार राजकुमार ने बताया कि बिलासपुर सदर के वन परिक्षेत्र अधिकारी को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित ठेकेदारों और वाहन मालिकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। यदि दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी गाडिय़ों को सीज कर लिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0