रोहित-कोहली को खेलना जारी रखना चाहिए, टी20 विश्व कप में खतरनाक साबित होगा भारत : धोनी

एमएस धोनी ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि उम्र नहीं, फिटनेस और प्रदर्शन से तय होना चाहिए चयन।

Feb 4, 2026 - 14:58
 0  0
रोहित-कोहली को खेलना जारी रखना चाहिए, टी20 विश्व कप में खतरनाक साबित होगा भारत : धोनी

नई दिल्ली ।  भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का खुलकर समर्थन करते हुए कहा है कि किसी को यह बताने का अधिकार नहीं है कि वे कब तक खेल सकते हैं। धोनी ने साफ शब्दों में कहा कि उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन ही चयन का एकमात्र आधार होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आगामी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम को बेहद खतरनाक बताया।

खेल प्रसारक जतिन सप्रू को दिए एक साक्षात्कार में धोनी ने भारतीय क्रिकेट और सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य पर अपने विचार रखे। बातचीत के दौरान जब 2027 वनडे विश्व कप में रोहित शर्मा (38) और विराट कोहली (37) के खेलने की संभावना पर सवाल किया गया तो धोनी ने पहले हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया, लेकिन फिर गंभीर होते हुए कहा कि किसी खिलाड़ी को केवल उम्र के आधार पर बाहर करने की सोच गलत है।

धोनी ने कहा, “मेरे लिए उम्र कोई मापदंड नहीं है। प्रदर्शन और फिटनेस ही असली कसौटी हैं। अगर कोई खिलाड़ी देश के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और फिट है, तो उसे खेलने से कोई नहीं रोक सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि सभी खिलाड़ियों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब भी सक्रिय धोनी ने अनुभव के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अनुभवी खिलाड़ी टीम के लिए बेहद जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा कि अनुभव केवल कुछ मैच खेलने से नहीं आता, बल्कि लंबे समय तक दबाव में खेलने से बनता है।

टी20 विश्व कप पर बात करते हुए धोनी ने कहा कि भारतीय टीम घरेलू हालात में बेहद मजबूत और खतरनाक साबित हो सकती है। हालांकि उन्होंने ओस को एक बड़ा कारक बताते हुए कहा कि इससे टॉस की भूमिका अहम हो जाती है। धोनी ने कहा कि मौजूदा टीम में अनुभव, प्रतिभा और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता का बेहतरीन संतुलन है।

धोनी के अनुसार, अगर खिलाड़ी फिट हैं, चोट से दूर रहते हैं और अपनी भूमिका को ईमानदारी से निभाते हैं, तो भारत के पास इस टी20 विश्व कप में खिताब जीतने की पूरी क्षमता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0