नेपाल के रास्ते भारत आया चीनी नागरिक, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धर्मशाला के मैक्लोडगंज में बिना वैध भारतीय वीजा 130 दिन तक ठहरने पर चीनी नागरिक हिरासत में। नेपाल मार्ग से भारत आने का खुलासा, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क।
धर्मशाला | तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा की नगरी मैक्लोडगंज में बिना वैध भारतीय वीजा लंबे समय तक ठहरने के आरोप में हिरासत में लिए गए एक चीनी नागरिक को लेकर नए खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त चीनी नागरिक नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर पहले कोलकाता गया था, जिसके बाद वह हिमाचल प्रदेश पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय होकर जांच में जुट गई हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि भारत आने से पहले यह चीनी नागरिक मिस्र, आर्मेनिया, तुर्की, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड सहित कई देशों की यात्रा कर चुका है। बिना भारतीय वीजा करीब 130 दिनों यानी साढ़े तीन माह तक मैक्लोडगंज में रहना सुरक्षा दृष्टि से चिंता का विषय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि सोमवार को यह चीनी नागरिक लू वेननियन धर्मशाला स्थित एसपी कार्यालय पहुंचा था। वहां वह केवल चीनी भाषा में बातचीत कर रहा था और हिंदी समझने में असमर्थ था, जिसके बाद इसकी सूचना मैक्लोडगंज थाना पुलिस को दी गई। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, हालांकि बाद में उसने अपना पासपोर्ट दिखाया।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि लू वेननियन के पास भारत में ठहरने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था और वह नियमों का उल्लंघन करते हुए लंबे समय से यहां रह रहा था। इसके बाद पुलिस ने इस कृत्य को विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 14 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल चीनी नागरिक से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके भारत आने के उद्देश्य, संपर्कों तथा गतिविधियों की विस्तृत जांच जारी है। वहीं, खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0