प्रदेश पुलिस सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद पुलिसः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुक्खू ने डरोह में 1253 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र दिए। बोले– प्रदेश पुलिस देश की सबसे आधुनिक व भरोसेमंद, 800 और भर्तियां जल्द।

Feb 4, 2026 - 18:41
 0  45
प्रदेश पुलिस सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद पुलिसः मुख्यमंत्री

कांगड़ा । जिला के पुलिस कॉलेज डरोह में आयोजित रोजगार संकल्प मेले के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 1253 नवनियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती के पेपर लीक हुए थे, जिसके चलते युवाओं के दबाव में भर्ती प्रक्रिया को रद्द करना पड़ा। वर्तमान सरकार ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस भर्ती परीक्षा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी दो महीनों के भीतर 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। उन्होंने कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश पुलिस और अधिक सशक्त होगी तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त जवानों से कहा कि आज वे केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, पहचान और सेवा के मिशन को स्वीकार कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश शांति, संस्कृति और देवभूमि के लिए जाना जाता है और इस पहचान की रक्षा में पुलिस की भूमिका सबसे अहम है।

श्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नशे के विरुद्ध लड़ाई को जन-आंदोलन का रूप दिया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश पुलिस सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवा ईआरएसएस-112 के औसत प्रतिक्रिया समय में हिमाचल पुलिस देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि सीसीटीएनएस में पहाड़ी राज्यों में लगातार अव्वल बनी हुई है। आईटीएसएसओ में भी हिमाचल पुलिस देशभर में पांचवें स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस वर्दी की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से उच्च गुणवत्ता का कपड़ा लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पुलिस कांस्टेबलों की यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से भूतपूर्व सैनिकों को 10 वर्ष की सेवा के बाद हॉनरेरी हेड कांस्टेबल और 15 वर्ष के बाद हॉनरेरी सहायक सब इंस्पेक्टर बनाया जाएगा।

उन्होंने चिट्टा माफिया के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0