प्रदेश में जनगणना-2027 को हरी झंडी, घर-घर जाकर जुटाई जाएंगी 33 अहम जानकारियां
हिमाचल में जनगणना-2027 की शुरुआत को मंजूरी। सरकार ने अधिसूचना जारी की, घर-घर जाकर 33 अहम जानकारियां जुटाई जाएंगी, डेटा रहेगा गोपनीय।
शिमला । हिमाचल प्रदेश में भारत की जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही जनगणना की शुरुआती प्रक्रिया को हरी झंडी मिल गई है। राज्यपाल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जनगणना नियम, 1990 के नियम-8 के तहत केंद्र सरकार की अधिसूचना को हिमाचल प्रदेश के ई-राजपत्र में प्रकाशित किया गया है।
जनगणना-2027 के तहत नियुक्त जनगणना अधिकारी प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से जुड़ी जानकारियां एकत्र करेंगे। इस दौरान हर मकान के बारे में निर्धारित प्रश्नों के आधार पर विवरण लिया जाएगा। जनगणना में परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग सहित कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा जनगणना कार्य के उद्देश्य से एक मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा, जिसका उपयोग केवल आधिकारिक सूचना और संपर्क के लिए किया जाएगा।
सरकार के अनुसार जनगणना के माध्यम से जुटाई गई जानकारी भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला बनेगी। इससे आवास, पेयजल, सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रभावी योजना बनाने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के तहत की जाएगी और एकत्र की गई सभी जानकारियों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
इन विषयों पर रहेगा फोकस
जनगणना के दौरान मकान की बनावट, मकान का उपयोग (आवासीय या व्यावसायिक), मकान पक्का है या कच्चा, छत का प्रकार, पीने के पानी का स्रोत, शौचालय, बिजली सुविधा, ईंधन का प्रकार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें, ताकि प्रदेश के समग्र विकास की योजनाएं बेहतर ढंग से तैयार की जा सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0