ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाया ड्रोन तकनीक का महत्व: मुकेश अग्निहोत्री

आईआईआईटी ऊना के टेकफेस्ट मेराकी-2026 का शुभारंभ करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों से ड्रोन तकनीक की जरूरत पर जोर दिया।

Feb 8, 2026 - 16:42
 0  36
ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाया ड्रोन तकनीक का महत्व: मुकेश अग्निहोत्री

ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना के वार्षिक तकनीकी महोत्सव मेराकी-2026 का शुभारंभ किया। यह टेकफेस्ट 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ‘मेराकी-2026’ के लोगो और संस्थान की पत्रिका प्रगति परिमल का विमोचन भी किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने ड्रोन तकनीक और रोबोटिक्स के क्षेत्र में कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रोन तकनीक की आवश्यकता स्पष्ट रूप से सामने आई है। ऐसे अनुभव यह दर्शाते हैं कि भविष्य में सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक की भूमिका अत्यंत निर्णायक होगी। उन्होंने युवाओं और तकनीकी संस्थानों से आह्वान किया कि वे इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें, ताकि भारत ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बन सके।

टेकफेयर जैसे मंच युवाओं को नवाचार, सृजनशीलता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार एक सशक्त डिजिटल इकोसिस्टम के निर्माण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। कुछ वर्ष पूर्व यह कल्पना करना भी कठिन था कि ऊना की धरती पर ट्रिपल आईटी जैसा प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित होगा। यह संस्थान किसी तश्तरी में परोसकर नहीं मिला, बल्कि लंबे संघर्ष और अनेक बाधाओं को पार करते हुए स्थापित हुआ है। आज यहां हिमाचल प्रदेश के अनेक छात्र अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0