देवदत्त शर्मा के निधन पर ब्राह्मण कल्याण परिषद ने जताया दुःख
कांगड़ा में देवदत्त शर्मा के निधन पर ब्राह्मण कल्याण परिषद ने शोक जताया, उन्हें समाजसेवा और संगठन निर्माण का मजबूत स्तंभ बताया।
सुमन महाशा। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण कल्याण परिषद ने वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व देवदत्त शर्मा के निधन पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है। परिषद ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनके योगदान और सेवाओं को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। परिषद के अध्यक्ष पंडित वेद प्रकाश शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय देवदत्त शर्मा समाजसेवा, संगठन निर्माण और सामाजिक एकता के प्रतीक थे।
उन्होंने परिषद के गठन से लेकर उसे मजबूत और संगठित स्वरूप देने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन और दूरदर्शिता के कारण परिषद को समाज में विशेष पहचान मिली। उन्होंने समाज के उत्थान, युवाओं को सही दिशा देने तथा सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में हमेशा सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय देवदत्त शर्मा सरल, मिलनसार और सेवाभावी व्यक्तित्व के धनी थे। समाज के हर वर्ग के लोग उनका सम्मान करते थे। वह हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहते थे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनका जीवन समाज सेवा, त्याग और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है।
परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। परिषद से जुड़े सदस्यों डा. गौतम शर्मा व्यथित, त्रिलोक भट्ट, सुनील शर्मा, कमल पाधा, अजय पंकिल, सरन दास शर्मा, प्रीतम भारती, नवनीत शर्मा, रजनेश शर्मा, अनिल शर्मा, राकेश डोगरा, किशोर कौशिक तथा सुशील शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
परिषद ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा परिवारजनों को इस दुखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। परिषद ने यह भी कहा कि स्वर्गीय देवदत्त शर्मा के सामाजिक योगदान और प्रेरणादायक जीवन को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा और समाज उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0