सीएम सुक्खू के जन्मदिन पर धर्मशाला कांग्रेस ने लगाया ब्लड डोनेशन कैंप
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के जन्मदिन पर धर्मशाला में कांग्रेस ने रक्तदान शिविर लगाया, 50 यूनिट रक्त एकत्रित, विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा।
संजीव भारद्वाज। धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर धर्मशाला कांग्रेस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन नगर निगम के पूर्व महापौर व धर्मशाला से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे देवेंद्र जग्गी ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में समान विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से धर्मशाला में आधुनिक आइस स्केटिंग रिंक विकसित किया जा रहा है, जो खेल, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को नई दिशा देगा।
आइस स्केटिंग के साथ-साथ रोलर स्केटिंग की विश्वस्तरीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त लगभग 150 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे आयोजनों और पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा। जग्गी ने कहा कि इस रिंक के निर्माण से धर्मशाला में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और शहर को स्पोट्र्स टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और होटल, परिवहन तथा अन्य सेवा क्षेत्रों को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि धर्मशाला में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जा रहा है, जो वैश्विक सम्मेलनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यावसायिक आयोजनों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। इससे धर्मशाला की अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होगी।
कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने पर फोकस कर रही प्रदेश सरकार: चौधरी हरभजन सिंह
इस मौके पर धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि सीएम सुक्खू के नेतृत्व में कांगड़ा जिले में कई विकासात्मक परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि गगल एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया को गति देकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वे कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांगड़ा जिले में एक बड़ा चिडिय़ाघर विकसित किया जा रहा है, जो भविष्य में पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा और साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि हालांकि केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी बंद किए जाने से हिमाचल प्रदेश की लगभग 70 लाख आबादी के साथ अन्याय हुआ है, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए सीमित संसाधनों में प्रदेश को नई दिशा देने का प्रयास किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0