कांगड़ा के किले में यूनेस्को विश्व धरोहर सप्ताह का किया शुभारंभ
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, शिमला मंडल द्वारा कांगड़ा के ऐतिहासिक दुर्ग में यूनेस्को विश्व धरोहर सप्ताह-2023 का शुभारंभ किया गया।
सुमन महाशा। कांगड़ा
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, शिमला मंडल द्वारा कांगड़ा के ऐतिहासिक दुर्ग में यूनेस्को विश्व धरोहर सप्ताह-2023 का शुभारंभ किया गया। प्रतिवर्ष विरासत धरोहर सप्ताह का उद्देश्य दुनिया भर में प्राचीन स्मारकों के बारे में जागरूकता और सामूहिक चेतना फैलाना है। इस वर्ष एएसआई द्वारा कांगड़ा किले में पुरातत्व संग्रहालय के परिसर में 19-25 नवंबर तक एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और चुनिंदा विश्व धरोहर स्थलों में सांची स्तूप, भोपाल; सूर्य मंदिर, कोणार्क, कुतुब मीनार, महरौली नई दिल्ली, बृहदीश्वर मंदिर, तंजावुर, ताज महल, आगरा, जंतर मंतर, नई दिल्ली आदि की फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। हिमाचल प्रदेश में 40 केंद्रीय संरक्षित स्मारक हैं जैसे कांगड़ा किला, कांगड़ा, एकाश्मक शैलोत्कीर्ण मंदिर, मसरूर, राष्ट्रपति निवास, शिमला, शिव मंदिर, बैजनाथ, बौद्ध मठ ,ताबो आदि। महर्षि विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल, कांगड़ा के छात्रों ने अपनी शिक्षिका शिवानी चौहान के साथ प्रदर्शनी का दौरा किया। छात्रों के लिए संग्रहालय का एक गाइडेड टूर भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्रों, शिक्षकों और एएसआई कर्मचारियों ने दुर्ग परिसर में वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया और स्वच्छता शपथ ली। इस उपलक्ष पर प्रशांत डोगरा, संरक्षण सहायक, विजय कुमार बौद्ध ,सहायक पुरातत्वविद् और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, शिमला मंडल के कर्मचारियों ने कार्यक्रम की मेजबानी की। आगंतुकों और स्कूली छात्रों को कांगड़ा किले में चल रही फोटो प्रदर्शनी देखने के लिए आमंत्रित किया गया।
What's Your Reaction?






