RTI के नाम पर ब्लैकमेलिंग! परवाणू में 73 वर्षीय ठेकेदार गिरफ्तार
परवाणू में RTI के नाम पर ब्लैकमेलिंग और फर्जी कोटेशन से टेंडर लेने के आरोप में 73 वर्षीय ठेकेदार सतीश बेरी गिरफ्तार। SV&ACB जांच जारी।
अनिल कपलेश। बड़सर
परवाणू में आरटीआई के नाम पर अधिकारियों को कथित रूप से ब्लैकमेल कर सरकारी कार्य हासिल करने के मामले में जांच के बाद पुलिस थाना परवाणू में दर्ज अभियोग में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में आरोपी सतीश बेरी (73), निवासी सेक्टर-5 परवाणू, को 10 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता रजा राम भारती ने आरोप लगाया था कि सतीश बेरी स्वयं को समाजसेवी बताकर कुछ लोगों के साथ मिलकर एक गिरोह संचालित करता था, जो विभिन्न सरकारी विभागों के खिलाफ आरटीआई दायर कर अधिकारियों पर दबाव बनाता और निजी लाभ के लिए ब्लैकमेल करता था। आरोप है कि बेरी और उसके पुत्र, जो अलग-अलग विभागों में ठेकेदार हैं, ने इसी दबाव के जरिए कार्य हासिल किए।
जांच में सामने आया कि शमशान घाट के समीप स्लम बस्ती सेक्टर-4 हिमुडा फ्लैट्स की बिजली टेस्ट रिपोर्ट बिना वास्तविक कार्य के नगर परिषद को सौंपी गई और भुगतान भी लिया गया। जबकि संबंधित कार्य हिमुडा के अधिकृत ठेकेदार द्वारा किया जाना था। रिकॉर्ड की जांच में तीन अनिवार्य कोटेशन धोखाधड़ी से तैयार पाए गए, जिनके आधार पर 11 जून 2020 को टेंडर लिया गया और 83 फ्लैट्स की टेस्ट रिपोर्ट व बिल उसी दिन जमा किए गए।
दस्तावेजों में कूटरचना पाए जाने पर धारा 467 आईपीसी भी जोड़ी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0