नादौन में बच्चों ने संभाली स्वच्छता की कमान, स्कूल बने बदलाव का केंद्र

नादौन में स्वच्छ शहर–समृद्ध शहर अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों को कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक बैंक, कम्पोस्टिंग व इन्सिनरेटर की दी गई जानकारी।

Feb 10, 2026 - 14:00
Feb 10, 2026 - 14:07
 0  36
नादौन में बच्चों ने संभाली स्वच्छता की कमान, स्कूल बने बदलाव का केंद्र

नादौन। नादौन नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ शहर – समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत नगर परिषद नादौन एवं टीडब्ल्यूएचएस एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में बाल स्कूल तथा केंद्रीय विद्यालय नादौन में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेषज्ञों द्वारा समझाया गया कि यदि बच्चों में बचपन से ही स्वच्छ आदतें विकसित कर दी जाएँ तो वे न केवल स्वयं स्वच्छ रहेंगे, बल्कि अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें पूरी तरह संतुष्ट किया गया।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि वे घरों में कचरा अलग-अलग करके, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करके तथा स्वच्छता नियमों का पालन करके नादौन शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कई विद्यार्थियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए, जिनमें स्कूल स्तर पर स्वच्छता क्लब बनाने, नियमित सफाई अभियान चलाने तथा प्लास्टिक एकत्र करने जैसे सुझाव शामिल रहे।

शिविर के सत्रों के दौरान विद्यार्थियों को प्लास्टिक बैंक की स्थापना, विद्यालय परिसर में कम्पोस्टिंग के माध्यम से गीले कचरे से खाद बनाना, तथा सेनेटरी पैड के सुरक्षित निपटान हेतु इन्सिनरेटर के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नगर परिषद नादौन के कार्यकारी अधिकारी रमन कुमार ने कहा कि यदि बच्चे आज से ही स्वच्छता को अपनी आदत बना लें, तो आने वाला कल अपने आप स्वच्छ और सुंदर होगा। बच्चों की भागीदारी से ही नादौन को मॉडल स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है। नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर अक्षित सोनी ने कहा कि हर घर से कचरा अलग होगा तभी नादौन सच मायनों में स्वच्छ शहर बन पाएगा।  

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0