पहली नजर में हो गया था वेटर से प्यार, 7 साल बाद आया कॉल, फिर रची पति को मरवाने की साजिश

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पत्नी ने पूर्व प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की। 7 साल पुराने प्यार ने रिश्तों को खून से रंग दिया।

Feb 9, 2026 - 19:05
 0  36
पहली नजर में हो गया था वेटर से प्यार, 7 साल बाद आया कॉल, फिर रची पति को मरवाने की साजिश

श्रीगंगानगर (राजस्थान)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से सामने आया एक सनसनीखेज मामला रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला है। यहां एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के लिए महिला ने इसे सड़क हादसा और लूटपाट का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे सारा सच सामने आ गया। सिर्फ तीन महीने पहले हुई शादी के बाद पत्नी ने पति को मौत के घाट उतरवा दिया।

शादी समारोह में हुई थी पहली मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला अंजलि उर्फ अंजू और उसका प्रेमी संजू पहली बार साल 2018 में एक शादी समारोह में मिले थे। अंजू वहां मेहमान बनकर पहुंची थी, जबकि संजू उसी समारोह में वेटर के रूप में काम कर रहा था। पहली नजर में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे।थोड़ी बातचीत के बाद संजू ने अंजू को अपना मोबाइल नंबर दे दिया, लेकिन उस समय अंजू के पास फोन नहीं था। इसी कारण दोनों के बीच करीब 7 साल तक कोई संपर्क नहीं हो पाया।

नया मोबाइल, फिर जगा पुराना प्यार

साल 2024 में अंजू ने जब अपना मोबाइल फोन खरीदा, तब उसने 7 साल पहले मिले उस नंबर पर कॉल किया। फोन लगते ही दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और कुछ ही समय में दोस्ती फिर से प्यार में बदल गई। दोनों घंटों फोन पर बात करने लगे और साथ जिंदगी बिताने के सपने देखने लगे।

परिवार ने तय कर दी शादी, लेकिन खुश नहीं थी अंजू

इधर अंजू ने बीकॉम की पढ़ाई पूरी कर ली थी और परिवार वाले उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उसकी शादी रावला निवासी आशीष से तय कर दी गई। आशीष एमकॉम के बाद बीएड कर रहा था। परिवार की मर्जी से अंजू की शादी आशीष से हो गई, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। पुलिस के अनुसार, शादी के करीब 16 दिन पहले अंजू मायके गई थी, इसी दौरान उसने संजू के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली।

हत्या के दिन भी 5–7 बार हुई बात

पुलिस ने बताया कि अंजू और संजू शादी के बाद कभी आमने-सामने नहीं मिले, लेकिन व्हाट्सऐप और फोन कॉल के जरिए लगातार संपर्क में थे। हत्या के दिन भी दोनों के बीच 5 से 7 बार बातचीत हुई थी।

टहलने के बहाने पति को सुनसान रास्ते पर ले गई

30 जनवरी की रात अंजू ने पति आशीष को डिनर के बाद टहलने के लिए बाहर चलने को कहा। वह उसे गांव के एक सुनसान रास्ते पर ले गई, जहां पहले से संजू अपने दो दोस्तों के साथ झाड़ियों में छुपा हुआ था। मौका मिलते ही तीनों ने आशीष पर हमला कर दिया। पहले लोहे की रॉड से पीटा, फिर मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी।

लूट और हादसे की रची झूठी कहानी

हत्या के बाद अंजू ने इसे लूट और दुर्घटना दिखाने के लिए अपने सभी गहने प्रेमी को दे दिए और खुद बेहोश होने का नाटक करते हुए वहीं लेट गई। एक राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आशीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम ने खोला राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि आशीष की मौत गला घोंटने से हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से की। कड़ाई से पूछताछ में अंजू टूट गई और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0