कुल्लू दशहरा उत्सव में आग लगने से 20 टेंट सहित पांच दुकानें जलकर राख

कुल्लू के ढालपुर मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में शुक्रवार रात को आग लग गई।

Oct 28, 2023 - 16:58
 0  261
कुल्लू दशहरा उत्सव में आग लगने से 20 टेंट सहित पांच दुकानें जलकर राख

ब्यूरो। रोजाना हिमाचल 

कुल्लू के ढालपुर मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में शुक्रवार रात को आग लग गई। आग लगने से देवताओं के 12 और देवलुओं के 8 टेंटों सहित पांच दुकानें जलकर राख हो गईं। आग में एक पुलिस कर्मी सहित चार लोग भी झुलसे गए हैं। आग से देवताओं के ढोल, नगाड़े सहित अन्य सामान जल गया। जानकारी के मुताबिक सिलिंडर में धमाका होने के बाद एकदम से आग लग गई। टेंटों में लगे तिरपालों के चलते महज 15 मिनट में देवताओं के 12 टेंट, देवलुओं के आठ टेंट, चार जूतों की दुकानें, एक प्लास्टिक की बाल्टी वाली दुकान जल गई। हालांकि मौके पर तीन टेंटों को सुरक्षा के लिहाज से उखाड़ा गया, अन्यथा यह भी चपेट में आ सकते थे। इस बीच एक पुलिस कर्मी और तीन अन्य भी झुलस गए। एक युवक का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि तीनों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। आग की इस घटना में मार्कंडेय ऋषि पेड़चा, देवता शेषनाग विशलाधार, देवता पंचवीर खुनव, देवता आदि ब्रम्हा धारठा, देव पंचवीर करटाह, देवता जहल कुढ़ाची, देवता पंचवीर जिभी कंडी, देवता खोडू प्रेमनगर, देवता शांघड़ी स्तरीग, देवता पंचवीर सोती गांव, माता नरसिंगी कटराईं आदि के टेंटों को क्षति पहुंची है। इस घटना में कुछ देवी देवताओं के गहने सहित कुछ सामान भी लापता बताया जा रहा है। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि आग की घटना के बाद फौरी तौर पर 25-25 हजार बंजतरियों व कारदारों को राहत दी जा रही है। वहीं दुकानदारों को भी 25-25 हजार राहत राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि देवताओं के नुकसान की भरपाई की जाएगी। वहीं उनके स्थलों को पहले से भी बेहतर किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0