हिमाचल का ख़ज़ाना खाली, सलाहकारों की तिजोरी भारी : विश्व चक्षु

बीजेपी नेता विश्व चक्षु का सुक्खू सरकार पर तीखा हमला। कर्मचारियों पर आर्थिक मार, निगम-बोर्ड अध्यक्षों और सलाहकारों पर धन वर्षा का आरोप।

Feb 10, 2026 - 16:32
 0  36
हिमाचल का ख़ज़ाना खाली, सलाहकारों की तिजोरी भारी : विश्व चक्षु

संजीव भारद्वाज। धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने आज ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में एक ओर कर्मचारी वर्ग आर्थिक तंगी और लंबित देयों से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपने चहेतों पर खुलकर धन वर्षा कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निगमों और बोर्डों के अध्यक्षों का वेतन पाँच गुना तक बढ़ाया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री के सलाहकारों को लाखों रुपये के पैकेज दिए जा रहे हैं। यह दर्शाता है कि सरकार की प्राथमिकता आम कर्मचारी या जनता नहीं, बल्कि राजनीतिक नियुक्तियां और सत्ता सुख है। विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनावों में “हिमाचल का संकल्प, कांग्रेस का संकल्प” का नारा देकर 10 गारंटियां दी थीं। आज वही गारंटियां प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भारी बोझ बन चुकी हैं और उसका खामियाजा पूरे हिमाचल की जनता भुगत रही है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और लंबित मांगों पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। आर्थिक संकट का हवाला देकर कर्मचारियों के अधिकार रोके जा रहे हैं, जबकि राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों को सुविधाएं और वेतन वृद्धि दी जा रही है। विश्व चक्षु ने कहा कि यह सरकार विकास नहीं, बल्कि विलास की नीति पर चल रही है। जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0